उरई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में 222 जोड़ों को लाभान्वित किया गया। कई जोड़ों ने जहां अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए तो कुछ ने मुस्लिम रीति रिवाज से निकाह भी किया। जगह जगह एक साथ दूल्हों की बारात उठी और एक ही मंच पर जयमाला भी हुई। अधिकारी भी बराती व जनाती दोनों की भूमिका में व्यस्त नजर आए। सभी समारोह में लोगों के खान पान का भी इंतजाम किया गया था। नए जोड़ों को शासन की ओर उपहार स्वरुप गृहस्थी की सामग्री भी प्रदान की गई। जोड़ों को आर्शीवाद देने के लिए जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों की भी भीड़ उमड़ी।
दांपत्य जीवन की शुरुआत, रहेंगे साथ-साथ
उरई/जालौन/कुठौंद। उरई के टाउनहाल में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 13 हिंदू और 6 मुस्लिम जोड़े विवाह बंधन में बंध गए। इस दौरान सांसद भानुप्रताप वर्मा, विधायक गौरीशंकर वर्मा, पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, सिटी मजिस्ट्रेट हरीशंकर शुक्ला, ईओ संजय कुमार ने सभासदों व गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में जोड़ों को आशीर्वाद दिया। जालौन प्रतिनिधि के मुताबिक सर्वसमाज के 31 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार धूमधाम से संपन्न कराया गया।
जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की योजना को सराहा। ब्लॉक परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम के अंतर्गत 31 दूल्हों की धूमधाम से बैंड बाजों के साथ बरात निकाली गई। पुरोहित पंडित श्यामजी दीक्षित ने 20 जोड़ों का हिंदू धार्मिक रीतिरिवाज के साथ वैवाहिक रस्मों को पूरा कराया एवं अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे कराए। वहीं 10 जोड़ों का विवाह बौद्ध वैवाहिक पद्धति से विनोद बौद्ध भंते द्वारा कराया गया। मुस्लिम समुदाय के एक जोड़े की वैवाहिक रस्मों को मौलाना साबिर ने पूरा कराया।
इस दौरान बीडीओ महिमा विद्यार्थी, पालिकाध्यक्ष गिरीश गुप्ता, एडीओ रामाधार सिंह, रमाशंकर,रामेंद्र सेंगर बनाजी आदि रहे। कुठौंद प्रतिनिधि के मुताबिक 12 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर वैवाहिक मंडप में एक दूसरे को साक्षी मानकर वैवाहिक जीवन की डोर में बंधे। बीडीओ सुश्री महिमा विद्यार्थी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजू यादव, शिशुपाल, एडीओ राजबहादुर उपाध्याय, अखिलेश शर्मा, कृष्णमुरारी विद्यार्थी, अतुल तिवारी ने वर वधू को आशीर्वाद दिए।
सात जन्मों के बंधन में बंधे 91 जोड़े
मुहम्मदाबाद/माधौगढ़। माधौगढ़ में गणेश गार्डन के परिसर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन में 6 जोड़ों ने सात जन्मों के लिए एक दूसरे का हाथ थामा। एसडीएम सालिकराम, नगर पंचायत राजकिशोर गुप्ता, ज्योतिष सिंह, गुलाब कुशवाहा, बंटी गुप्ता, पुरुषोत्तम तिवारी, लोकेंद्र सिंह,अजय दुबे, गोविंद, सुरेंद्र आदि ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया। डकोर ब्लाक परिसर पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह महायज्ञ में बीडीओ सुदामा शरण की उपस्थिति में 27 जोड़ों ने सात फेरे लिए। जिसमें 3 जोड़ों का निकाह कबूल किया। इस दौरान एडीओ समाज कल्याण ज्ञानेंद्र राजपूत, बलवीर सिंह सेंगर, गुरुप्रसाद, भारत सिंह, रविंद्र सिंह, घंटीलाल, नीरज, गजराज सिंह आदि ने वर वधु को आशीर्वाद प्रदान किया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बीएल यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कदौरा प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लाक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 13 जोड़े ने अग्नि के साथ फेरे लेकर जन्म जन्म के बंधन में बंधे तो वहीं एक जोड़े ने निकाह कुबूल किया। विधायक नरेंद्र सिंह जादौन बीडीओ अतिरंजन सिंह नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक जितेंद कुमार सिंह, मनोज गुप्ता, शीला देवी, जगतनारायण, राजेश सिंह आदि रहे। रामपुरा प्रतिनिधि के मुताबिक सामूहिक विवाह योजना में नगर पंचायत की ओर से 11 जोड़ों के विवाह हुए तो खंड विकास कार्यालय में 34 जोड़ों की शादियां हुईं। नगर पंचायत में चेयरमैन शैलेंद्र सिंह ईओ राजीव कुमार सहित अन्य अतिथियों ने आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल जीवन की कामना की।
कोंच व नदीगांव में एक दूजे के हुए 75 जोड़े
कोंच। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कोंच व नदीगांव निकाय तथा ब्लॉक क्षेत्र के कुल 75 जोड़ों की शादियां कराई गईं। गल्ला मंडी कोंच में नगर पालिका कोंच व नगर पंचायत नदीगांव का संयुक्त विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कुल 23 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। 19 जोड़ों ने वैदिक रीति से मंडप के नीचे सात फेरे लिए जबकि 4 ने निकाह कबूल किया। उधर, खंड विकास कार्यालय में आहूत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 53 जोड़े शादी के बंधन में बंध कर एक दूजे के हुए जिनमें एक जोड़ा निकाह कबूल कर शादी के बंधन में बंधा जबकि 52 ने सात फेरे लिए।
महेवा में वर-वधू को प्रमाण पत्र देते विधायक व आधिकारी- फोटो : ORAI
मरी में सामूहिक विवाह में मौजूद वर पक्ष कन्या पक्ष के लोग- फोटो : ORAI
कदौरा में वर-वधू को आशीर्वाद देते खंड विकास अधिकारी- फोटो : ORAI
शहर के टाउन हॉल मे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में वर-वधू को आशीर्वाद देते सांसद भानु प्रताप वर्मा - फोटो : ORAI
कालपी में सामूहिक विवाह के दौरान वर-वधू को आशीर्वाद देते कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन व आधिका- फोटो : ORAI