कोतवाली में बच्चे को माता पिता के सुपुर्द करती पुलिस
- फोटो : amarujala
कालपी। सोशल मीडिया के माध्यम से तीन घंटे के अंदर कोतवाली पुलिस ने एक मासूम को उसके परिवार से मिला दिया। बच्चे को पाकर उसकी मां की ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा। कालपी में रिश्तेदारी में परिवार के साथ आया बच्चा घर के बाहर से लापता हो गया था।
दिल्ली निवासी लालू गुरुवार को कालपी के मोहल्ला तरीबुल्दा में रामऔतार के यहां अपनी रिश्तेदारी में पत्नी संगीता व पांच वर्षीय पुत्र आकाश के साथ आया था। आकाश घर के बाहर खेलते खेलते भटक कर हाईवे पर आ गया और घर न मिलने पर रोने लगा। इसपर राहगीरों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को । पुलिस बच्चे को कोतवाली लाई। बच्चा अपना नाम आकाश निवासी दिल्ली छोड़कर कुछ नहीं बता पा रहा था। इस पर उपनिरीक्षक सलमान अली ने सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से बच्चे के परिजनों की खोजबीन शुरू कराई। तीन घंटे बाद सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना पाकर बच्चे की मां संगीता और पिता लालू बदहवास हालत में कोतवाली पहुंचे। मां को देखकर बच्चा रोने लगा। संगीता ने बताया की तीन घंटे से बराबर बच्चे को खोज रहे हैं। सोशल मीडिया में फ़ोटो देखकर बच्चे के बारे में पता चला। उसने बताया कि वह आज ही अपने पति के साथ दिल्ली से कालपी के तरीबुल्दा स्थिति अपने मामा राम औतार के यहां आई थी । घर के बाहर खेलते खेलते बच्चा भटक गया। इस पर कोतवाली पुलिस ने बच्चे को उनके परिवारीजनों को सौप दिया।