फोटो - 13 मृतक शहीद की फाइल फोटो।
जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिटारा के पास स्थित प्रशासक ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के कोल्ड स्टोर में शनिवार सुबह सो रहे पल्लेदार को सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
औरैया के मोहल्ला विधिचंद मस्जिद के पीछे निवासी शहीद (40) कोल्ड स्टोर में पल्लेदारी करता था। शनिवार सुबह वह कोल्ड स्टोर में सो रहा था। इसी दौरान एक सांप ने उसके कान में काट लिया। सांप के काटने के बाद शहीद की चीख सुनकर आसपास सो रहे अन्य पल्लेदार जाग गए। उन्होंने पास में सांप को देखा और उसे मार दिया।
साथी पल्लेदार शहीद को तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पत्नी जैनब और पुत्र साहिल, अयान व निहाल का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाल हरिशंकर चंद ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। (संवाद)