फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में चौराहों पर छह घंटे जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
माधौगढ़। स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में बुधवार को कस्बे के लक्ष्मनपुरा समेत कई मोहल्लों के उपभोक्ता सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने चितौरा और सिहारी चौराहे पर जाम लगाकर बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब छह घंटे तक जाम लगा रहा। एसडीएम ने वीडियो बनाकर रहे युवक का मोबाइल छीना तो महिलाओं से उनकी नोकझोंक हो गई। वह तीन घंटे तक सुरक्षा में बैठे रहे। किसी तरह अधिकारियों ने समझाकर जाम खुलवाया। महिलाएं अपने स्मार्ट मीटर उखाड़कर पहुंची थीं।
विज्ञापन



कस्बा के लक्ष्मनपुरा, पटेल नगर, मालवीय नगर और उत्तरीय मालवीय नगर के करीब एक सैकड़ा उपभोक्ताओं ने माधौगढ़-रामपुरा रोड पर बुधवार को जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर चितौरा चौराहे पर लेकर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर विरोध जताया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अत्यधिक बढ़ गया है। एक किलोवाट कनेक्शन पर भी तीन हजार रुपये तक का बिल आ रहा है। साथ ही बिल जमा करने के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। जाम लगने से करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लोगों ने निकलने का प्रयास किया तो महिलाओं ने उन्हें लौटा दिया।
जाम की सूचना पर एसडीएम राकेश कुमार सोनी, सीओ अंबुज सिंह, एक्सईएन भारतीय, नायब तहसीलदार भुवनेंद्र कुमार समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान एसडीएम जब प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक युवक द्वारा वीडियो बनाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मोबाइल छीन लिया। इससे वहां मौजूद महिलाएं आक्रोशित हो गईं और एसडीएम के खिलाफ विरोध जताने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने एसडीएम को सुरक्षा में लेकर पास के एक कमरे में बैठाया, जहां वे करीब तीन घंटे तक पुलिस सुरक्षा में रहे।
विज्ञापन

करीब छह घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में जाम खुलवाया गया। जाम समाप्त होने के बाद एडीएम संजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर नहीं लगाए गए तो वे आगे भी आंदोलन करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें