जालौन के ग्राम गिधौंसा निवासी संतोषी (35) पत्नी ओमप्रकाश शनिवार को पति के साथ बाइक से रामपुरा के जगम्मनपुर गांव स्थित मायके में भाई को दूज पर तिलक करने गई थी। तिलक करने के बाद देर शाम करीब आठ बजे संतोषी व उसका पति ओमप्रकाश व बच्ची बाइक से वापस गांव आ रहे थे। वह जैसे ही ग्राम जमालपुर स्थित पुलिया के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही संतोषी उछलकर सड़क पर गिरी और बोलेरो की चपेट में आ गई।
ओमप्रकाश व उसकी बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो भी आगे जाकर झाड़ियों में घुस गई। हादसा होता देख राहगीरों को भीड़ लग गई। लोगों को आता देख चालक बोलेरो मौके पर छोड़ कर भाग निकला। वहीं आनन फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां संतोषी की हालत नाजुक देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे ग्वालियर ले जा रहे थे कि रास्ते में संतोषी की मौत हो गई। वहीं ओमप्रकाश व मासूम बच्ची का सीएचसी में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोषी की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया।