माधौगढ़ तहसील के ग्राम ऊमरी निवासी अशोक बाल्मीकि नगर पंचायत में संविदा पर सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात था। शुक्रवार को वह अपने बेटे शेर सिंह के साथ बाइक से ग्राम मिझौना जा रहा था। बाइक जैसे ही ग्राम पूरनपुरा व खरेला के बीच पहुंची तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थर से जा टकराई। हेलमेट न लगाए होेने से अशोक के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा शेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा होता देख राहगीरों ने आनन फानन में दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने अशोक को मृत घोषित कर शेर सिंह को भर्ती कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोंच कस्बे के मोहल्ला जयप्रकाश निवासी ज्योति अग्रवाल (40) पत्नी राजेंद्र अग्रवाल शनिवार की सुबह पति संग बाइक से झांसी जिले के गुरसरायं अपने भाई को तिलक करने जा रही थी। वह जैसे ही एट थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडारी पहुंची तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही ज्योति व राजेंद्र सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। राहगीरों ने आनन फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, हालत गंभीर होने पर ज्योति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। कस्बा एट के कोंच तिराहे पर शनिवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी एक ठेले में टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से ठेला चालक बबलू (30) पुत्र पहलवान निवासी अंबेडकर नगर एट गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही लोग दौड़कर आने लगे।
यह देख कार चालक कार लेकर भाग निकला। आस पास के लोगों ने बबलू को आनन फानन में पास के ही प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना स्थित नहर के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में बाइक सवार संजय निवासी ग्राम बरही व दूसरा बाइक सवार मनोज निषाद निवासी इकौना गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से दोनों के सिर पर चोटें आईं हैं। 102 एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पर हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।