कोंच में मां सिंहवाहिनी की झांकी
- फोटो : अमर उजाला
चैत्र नवरात्र के समापन पर यहां के सुप्रसिद्ध सिंहवाहिनी मंदिर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में उमड़े श्रद्धालुओं ने मां सिंहवाहिनी, मां काली व मां सरस्वती के मंदिरों में माथा टेका। पास के बैरागढ़ में भी मां शारदा के दर्शनों के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। सिंहवाहिनी मंदिर पर आयोजित मेले में शनिवार को हजारों श्रद्धालु उमड़े। शाम से दर्शनार्थियों का
तांता शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। मां सिंहवाहिनी के मुख्य मंडप के अलावा समूचे मंदिर परिसर को सजाया गया था। इस दौरान नवमी के जवारों की दर्जनों शोभायात्रा निकाली गईं और उनका विसर्जन किया गया। पुलिस की ओर से सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। मध्य रात्रि मुख्य पुजारी सीताराम पंडा के निर्देशन में मंगला आरती का आयोजन किया
गया जिसमें सैकड़ों आस्थावान मौजूद रहे। वर्ष में दो बार शारदीय और चैत्र नवरात्र पर मंगला आरती का आयोजन किया जाता हैं। उधर, तहसील के सीमावर्ती इलाके में स्थित सुप्रसिद्घ शारदा पीठ बैरागढ़ में भी शनिवार को विशाल मेले में समीपस्थ और दूरस्थ इलाकों से हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्घालुओं ने मां शारदा का आशीर्वाद प्राप्त किया। सैकड़ों वारियां जवारों की भी विसर्जित की गईं।