राज्य कर्मी संयुक्त परिषद की बैठक सोमवार को संगठन कार्यालय में हुई। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा कर दो अक्तूबर को मौन जुलूस निकालकर प्रदर्शन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे रामप्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन के प्रांतीय आह्वान पर दो अक्तूबर को सुबह 8 बजे से गांधी चबूतरा कोतवाली के सामने मौन धारण प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री हरीश कुमार राठौर ने कहा कि राज्य कर्मियों को 300 दिन के अर्जित अवकाश के स्थान पर 600 दिन का उपार्जित अवकाश की सुविधा देकर नकदीकरण की सुविधा दी जाए।
रेखा जाटव ने कहा कि राजकीय क्षेत्र में कार्य करने वाले पीआरडी, होमगार्डस, रसोइया, आशा बहुएं, मनरेगा कर्मी, संविदा कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 11000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। शील कुमार दूरबार, रमेश फौजी ने कहा कि प्रदेश केे कर्मियों को पितृत्व अवकाश की सुविधा दी जाए।
संविदा चालकों, परिचालकों को नियमित किया जाए। बैठक में प्रवेश यादव, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, धीरेंद्र दुबे, शिवाधातर सिंह, नीलिमा राठौर, सतीश वर्मा, नरेश दुबे, अखिलेश शर्मा, मेहरबान सिंह, मीना वर्मा, धर्मनारायण मिश्रा, जाहर सिंह, मनोज चौरसिया, रागिनी वर्मा, रामवरन सिंह, अनुराग द्विवेदी आदि मौजूद रहे।