रामलीला मैदान के पास चार दिन पहले खुली इलेक्ट्रानिक सामान के शोरूम में शनिवार की सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आकर कई लाख का सामान जलकर राख हो गया। सूचना देने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आसपास के दुकानदारों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया था।
उधर, सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ व कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। रामलीला मैदान के पास जालौन बालिका इंटर कालेेज की मार्केट में आनंद कुमार पांडेय ने चार दिन पहले इलेक्ट्रानिक सामान का शोरूम खोला था। शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे शोरूम में अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई।
अंदर से धुआं उठता देखकर आसपास के दुकानदारों नेे दुकान मालिक को आग लगने की सूचना देते हुए, दमकल गाड़ी के लिए भी 100 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते दुकानदार आनंद कुमार पांडेय तुरंत दुकान पर पहुंचे। इस बीच आसपास के दुकानदारों ने बाल्टियों से पानी भरकर आग पर डालना शुरू कर दिया।
लगभग 15 मिनट बाद मौके पर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। दुकान में रखे वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, पंखा आदि जल गया। दमकल कर्मियों ने दुकानदारों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। इसी बीच एसडीएम प्रेमचंद्र यादव, सीओ कुलदीप सिंह, कोतवाल सत्यदेव सिंह, चौकी प्रभारी विक्रम सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने आग पर काबू पाए जाने तक रोड पर आवागमन को रूकवा दिया। दुकान मालिक आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि आग में उनका लगभग दो-तीन लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है।