फोटो-33 मौके पर खड़े एसडीएम न्यायिक/ प्रभारी तहसीलदार वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
कोंच। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने 35 साल पुराने किरायेदार से दुकान खाली करवाकर उसका कब्जा मालिक को सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद कार्रवाई होते ही दुकान मालिक की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। बताया गया कि दुकान मालिक खुद किराये की दुकान में कारोबार करता है।
यह कार्रवाई एसडीएम न्यायिक/प्रभारी तहसीलदार वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में राजस्व व पुलिस टीम की मौजूदगी में की गई। मामला नगरीय परिसर किरायेदारी विनियमन अधिनियम के तहत किराया प्राधिकारी अपर जिलाधिकारी न्यायिक की अदालत में विचाराधीन था। इसमें फैसला दुकान मालिक के पक्ष में सुनाया गया था।
कस्बे के भगत सिंह नगर निवासी पुरुषोत्तम दास स्वर्णकार की दुकान उनके मकान के आगे वाले हिस्से में बनी थी। इसे मोहम्मद अशरफ निवासी मोहल्ला आजाद नगर ने किराये पर ले रखा था। आरोप है कि कुछ समय से किराया न देने सहित अन्य कारणों के चलते मालिक ने न्यायालय की शरण ली थी। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद न्यायालय ने किरायेदार को बेदखल कर दुकान खाली कराने के आदेश दिए थे। आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर दुकान खाली कराई और विधिवत कब्जा मालिक को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।