उरई। थानेदार सीयूजी नंबर रखने या फिर न उठाने की अपनी आदत में सुधारें, वर्ना परिणाम ठीक नहीं होंगे। पुलिस छोटी छोटी शिकायतों को भी गंभीरता से ले। छोटे छोटे मामलों में कार्रवाई होने से ही अपराधियों में खौफ पैदा होता है और बड़ी घटनाओं और अपराधों पर अंकुश लगता है। यह बात गुरुवार को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर जयनारायण सिंह ने जिले के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से कही।
एडीजी के गुरुवार को पुलिस जनपद आगमन पर लोक निर्माण विभाग निरीक्षण गृह में पुलिस कर्मियों ने सलामी दी। इसके बाद एडीजी ने डीआईजी झांसी सुभाष सिंह बघेल व एसपी डा.सतीश कुमार के साथ पुलिस लाइन स्थित पुलिस कैंटीन का उद्घाटन किया। एडीजी ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों व उनके परिवारों के लिए कैंटीन से सस्ते दामों पर सामग्री मिलेगी। इसी कड़ी में एडीजी ने पुलिस लाइन सभागार में कानून व्यवस्था अपराध समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों, थानाध्यक्षों व कोतवाली प्रभारियों की बैठक लेते हुए कहा कि जिले में थानों व कोतवालियों में सीयूजी नंबर न उठाने की शिकायतेें मिल रही हैं।
सीयूजी नंबर बंद नहीं होना चाहिए इसमें सुधार करें। जिस थानेदार के सीयूजी नंबर बंद मिलने की अधिक शिकायतें आएंगी, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में बीट प्रणाली मजबूत करें। क्षेत्र की जानकारी लेकर क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर उनसे अच्छा आचरण कर सहयोग लेें। किसी भी तरह की भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर बड़े से लेकर छोटे तक कार्रवाई की जाएगी। होली व शिवरात्रि पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान डीआईजी झांसी सुभाष बघेल, एसपी डा.सतीश कुमार, एएसपी डा.अवधेश सिंह, सभी सीओ व थानाप्रभारी मौजूद रहे।
जनपद की पुलिस को सराहा
एडीजी कानपुर जोन ने जिले में आईजीआरएस की शिकायतों की सुनवाई में प्रदेश में कई बार अव्वल स्थान प्राप्त करने पर जनपद की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा किे जनपद शिकायतों के शत प्रतिशत निस्तारण में आगे खड़ा नजर आया इसके लिए जनपद की पूरी पुलिस टीम बधाई की पात्र है। आशा है कि हमेशा इसी लगन व कर्तव्य निष्ठा से काम करते रहें।
महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करे पुलिस
एडीजी ने गुरुवार को पुलिस लाइन में चार 112 नंबर पुलिस गाड़ियों में दो-दो महिला आरक्षियों की तैनाती कर उन्हें गाड़ी में बैठाकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन पीआरबी द्वारा सूचना मिलने पर महिलाओं की सुरक्षा की जाएगी। सड़क पर अकेली महिलाओं को असुरक्षित महसूस होने पर उसे घर तक पहुुंचाया जाएगा और महिलाओं के लिए महिला पुलिस कर्मी उपलब्ध रहेंगी।
पुलिस लाइन में बनी कैंटीन का उद्घाटन करने के बाद एसपी सतीश कुमार एडीजी को निरीक्षण कराते- फोटो : ORAI