आटा। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित पेट्रोल पंप के पास शताब्दी बस आगे जा रहे ट्रक में पीछे घुस गई। जिसमें बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। और चालक, हेल्पर समेत एक सवारी भी घायल हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस कुछ देर में पहुंची जिससे घायल तड़पते रहे। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से उरई मेडिकल में भर्ती कराया। वही सवारियों को दूसरी बस से रवाना किया गया।
आटा नेशनल हाईवे पर मंगलवार की देर रात कोहरे की सफेद धुंध से नजदीक का भी कुछ नही दिखाई दे रहा था। उसी समय राजस्थान के कोटा से लखनऊ सवारियां लेकर जा रही तेज रफ्तार शताब्दी बस जैसे ही झांसी कानपुर नेशनल हाईवे स्थित आटा थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास से गुजरी। तभी आगे जा रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे से सवारियों में हड़कंप मच गया। हाईवे से गुजर रहे वाहनों ने अपने वाहनों को रोककर तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। हादसे में बस चालक जयप्रकाश (40), हेल्पर रमजान (30) व एक सवारी अजमल खां खून से लतपथ हो गये। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकाला। और एंबुलेंस से उरई मेडिकल में भर्ती कराया। गनीमत यह रही कि बाकी सवारियां सुरक्षित रहीं। जिन्हें दूसरी बस से लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
हादसे से सवारियों में मची चीखपुकार
आटा। नेशनल हाईवे पर भीषण हादसे से बस में बैठी सवारियों में अफरातफरी मच गई। सवारियों ने बताया कि ऊपर वाले कि कृपा से आज एक बड़ा हादसा होते बच गया। उन्होंने बताया की झांसी निकलने पर सब लोगों ने ड्राइवर को बस की रफ्तार धीमी करने के लिए कहा था। लेकिन वह नही माना अगर ऊपर वाले का आशीर्वाद नही होता । तो आज हम लोग अपने घर सुरक्षित नही पहुंच पाते।