छात्राओं को बेटी किट बांटतीं प्रभारी मंत्री व विधायक ।
- फोटो : ORAI
उरई(जालौन)। नारी सशक्तीकरण, नारी सम्मान, महिलाओं और बच्चों से हिंसा की रोकथाम के लिए अभियान का शुभारंभ प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में हुआ। सूचना विभाग से भेजी गई मिशन शक्ति से संबंधित जागरूक करने वाली एलईडी वैन को प्रभारी मंत्री व कार्यक्रम की नोडल ने हरी झंडी दिखाकर विकास भवन सभागार से रवाना किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने 98 छात्राओं को कापी, किताबों और यूनिफार्म सहित बेटी किट बांटी।
प्रभारी मंत्री नीलिमा कटियार ने बताया कि यह वैन नगर व देहात में लोगों को मिशन की बाबत जागरूक करेगी। उन्होंने बताया कि 17 अक्तूबर से 25 अक्तूबर तक प्रतिदिन विभिन्न विभागों द्वारा कार्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के अंतर्गत सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी कार्य योजना से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करें। प्रभारी मंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत गरीबी के कारण आगे की शिक्षा छोड़ रहीं छात्राओं को किट दी। श्रीमती पंचवती राज बहादुर शिक्षा निकेतन उमा विद्यालय शेखपुरगुढ़ा की 98 छात्राओं को कापी, किताबें, बैग, जूते, मौजे, दो जोड़ी यूनिफार्म के साथ बेटी किट दी गई। कार्यक्रम में कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर शासन गंभीर है। योजनाओं का नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार कर आम जनमानस को जागरूक किया जाए। नोडल अधिकारी रवीना त्यागी ने कहा कि संबंधित विभाग लोगों को योजनाओं के बारे में जानकारी दें। इसके बाद मेडिकल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सहभागिता कर कार्यक्रम किए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना जी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, प्रोबेशन अधिकारी गुलाब सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नौ दिनों के कार्यक्रमों को लेकर तैयारियों की समीक्षा
उरई। मिशन शक्ति अभियान की नोडल अधिकारी रवीना त्यागी ने नौ दिन चलने वाले अभियानों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अधिकारी एक दिन पहले कार्यक्रमों की तैयारी कर लें। उन्होंने 18 अक्तूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की। अधिकारियों से प्रत्येक दिन के कार्यक्रम का ब्योरा मांगा।