उरई। जिले में गुरुनानक की जयंती धूमधाम से मनाई गई। शहर के राठ रोड स्थित गुरुद्वारे पर सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। गुरुद्वारे में शबद कीर्तन भी किया गया। हजारों लोगों ने माथा टेक कर गुरु को नमन किया। इसके बाद गुरू का अटूट लंगर शुरू हुआ। इसमें जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर और एसपी डॉ सतीश कुमार ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों ने गुरुद्वारे पहुंचकर समाज के लोगों को पर्व की बधाई दी। अलग अलग धर्मों को मानने वाले भी गुरुद्वारे पहुंचे और माथा टेका।
कार्तिक मास की पूर्णिमा पर मनाई गई जयंती पर सिख समाज के लोगों में खासा उत्साह रहा। फिर देर शाम तक कोई बोले राम राम, कोई खुदाए, कोई सेवै गोसैया कोई अलाहि, कहो नानक जिन हुक्म पछाता, प्रभ साहिब का धिन भेज जाता आदि धुनों के बीच सुबह से गुरुद्वारे में भीड़ पहुंचने लगी। गुरुद्वारे में कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि गुरु का जन्म 1469 में आज ही के दिन ननकाना साहिब (पाकिस्तान) में हुआ था। हर साल इस दिन को प्रकाश पर्व के रुप में मनाया जाता है। नानक ने न सिर्फ एकता व भाईचारे का संदेश दिया बल्कि कुरीतियों का विरोध कर समाज को एक नई दिशा भी दिखाई।
उनका पूरा जीवन मानवता की सेवा करने में ही व्यतीत हुआ। गुरुद्वारे में महिलाएं, बच्चों व बड़ों की भीड़ का पूरे दिन आना जाना बना रहा। सुबह से ही दरबार के दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। दोपहर के वक्त शुरू हुए लंगर में पहुंचे जिलाधिकारी ने कहा कि नानक ने जो मानवता की राह दिखाई है, सभी को उस पर चलकर उनके संदेश का महत्व दिखाना चाहिए। एसपी ने भी कहा कि गुरु ने सदैव प्रेम व भाईचारे से रहने का संदेश दिया और हम सबको उसी का अनुसरण करना चाहिए।
इसके बाद अटूट लंगर शुरू किया गया। जिसमें देर शाम तक हजारों ने जमीन पर बैठकर बिना किसी भेदभाव के गुरू का प्रसाद छका। शाम होते ही समूचा गुरुद्वारे परिसर रंग बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। इस मौके पर सांसद भानु प्रताप वर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, कांग्रेसी नेता अनुज मिश्रा, गुरुद्वारे की ओर से आज्ञा सिंह, हरदयाल सिंह, अवतार सिंह, परमजीत सिंह, हरदीप सिंह, रंजीत सिंह, रशन सिंधी, लक्ष्मण दास बवानी, जसवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
गुरुद्वारा में पुष्प चढ़ाते हिंदू मुस्लिम सिख- फोटो : ORAI
गुरुद्वारा में शब्द कीर्तन में मौजूद महिलाएं- फोटो : ORAI
गुरुद्वारे में गुरु नानक के प्रकाश व्तव पर बोलती एसपी सतीश कुमार मौजूद डीएम व सांसद- फोटो : ORAI