विकास भवन में बैठक लेते नोडल अधिकारी धीरज साहू
- फोटो : ORAI
उरई। जिले में दो दिवसीय दौरे पर आए परिवहन आयुक्त व जिले के नोडल अफसर धीरज साहू ने दूसरे दिन शुक्रवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं में तेजी लाने के साथ ही भूमाफिया पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले 18 बिंदुओं पर बिंदुवार समीक्षा की और बैठक की शुरूआत कानून व्यवस्था से की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से जिले में लंबित विवेचनाओं की जानकारी व अपराधियों की स्थिति के विषय में पूछा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में लंबित विवेचनाओं का जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। उन्होंने प्रशासन द्वारा भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की और पुलिस को निर्देश दिए कि भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने पुलिस व एआरटीओ विभाग को लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना वाले क्षेत्रों को चयनित कर वहां पर संकेतांक लगाने के निर्देश दिए। कहा कि स्कूली वाहनों को नियमित निरीक्षण करें। डीएल के दौरान उनके अभिभावकों को भी बुलाया जाए, जिससे की बच्चों के लाइसेंस की जानकारी माता पिता को भी हो सके। उन्होंने सीडीओ से पशु आश्रय स्थल, गोशालाओं की स्थिति के विषय में जानकारी ली तो सीडीओ ने बताया कि जिले में पांच स्थायी गोशालाएं है, प्रत्येक गोशालाओं में 100 गोवंश रखे जाने की क्षमता है, लेकिन अतिरिक्त पशु होने की वजह से एक गोशाला में 200 गोवंशों को रखा गया है। कई गांवों में गो आश्रय गृह निर्माणाधीन है जिनमें बजट न होने की वजह से कार्य अधूरा है। इस पर उन्होंने जल्द से जल्द बजट मांगने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि अन्ना समस्या के लिए ठोस कदम उठाए जाए। उन सभी सड़कों को चयनित करें, जहां पर अन्ना का जमावड़ा लगता हो और सड़कों से अन्ना को हटाएं। उन्होंने कुछ पशुओं का काजी हाउस में रखने के निर्देश दिए। आयुष्मान योजना की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि कार्ड का लक्ष्य 1,03,682 है और वितरण 57,645 का हो गया है। जिस पर नोडल अफसर ने कैंप लगाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा योजना के संबंध में बताया गया कि आधार कार्ड से फीडिंग का कार्य चल रहा है। उन्होंने राशन वितरण में अधिक पैसे लेने की शिकायतों के जांच करा निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने गेहूं व धान क्रय केंद्र के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी अल्पना बरतारिया आदि अधिकारी उपस्थित रहे।