कदौरा। कस्बे के कान्हा गोशाला में बंद एक दर्जन गोवंशों को प्रदेश सरकार की योजना के तहत नगर पंचायत अध्यक्ष व संचालक समिति के सदस्यों ने पशु पालकों के हवाले किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने गोवंशों का बच्चों की तरह पालन पोषण करने का आह्वान किया।
कान्हा गोशाला में मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के अंतर्गत गोवंशों का वितरण किया गया। चेयरमैन मो. जमीर आलम ने पशु पालकों से कहा कि प्रदेश सरकार प्रति गोवंशों पर 900 रुपये प्रति माह का अनुदान दे रही है। एक पशुपालक को चार गोवंश दिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा करने से बहुत पुण्य मिलता है, इसलिए अगर पशु पालक अपने बच्चों की तरह गोवंशों का पालन करेगा तो गोवंशों की स्थिति में काफी सुधार होगा।
नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि अगर पशु पालक एक-एक गोवंशों को अपने पास रख ले तो क्षेत्र से अन्ना मवेशी की समस्या खत्म हो जाएगी। सभी पशु पालक इस बात का ध्यान दें कि कोई भी गोवंशों को बेचेगा नही और अगर गोवंश की मौत हो जाती है तो उसकी सूचना तत्काल नगर पंचायत कार्यालय या पशुपालन विभाग सहित गोशाला समिति को दें। जिससे उसका पोस्टमार्टम कराया जा सके।
इसके बाद चेयरमैन, नगर पंचायत ईओ व समिति के सदस्यों ने नारायणदास नाका को दो, रजनी इटौरा बावनी को दो, ठाकुर दास तिरही, गजेंद्र सिंह बबीना, मुलिया उदनपुर, कृष्ण कुमार शहशाह को एक-एक गोवंश समेत एक दर्जन गोवंशों का वितरण किया। इस दौरान डॉक्टर विपिन सचान, राधा बल्लभ चतुर्वेदी, संचालन समिति के सदस्य जगत विश्वकर्मा, वेद प्रकाश पाठक, राजेश गुप्ता, बबलू अग्रवाल, रामबाबू, अखलेश कुमार व जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में पशुपालक व नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे।