पॉलिथीन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद बुधवार को नगर पालिका ने पुलिस बल के साथ छापामार अभियान चलाया। प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम ने कई जगह से पॉलिथीन व डिस्पोजल क्राकरी जब्त की। अभियान को लेकर कई जगह टीम का विरोध हुआ। पुलिस बल की सख्ती के कारण कुछ नहीं हो सका।
बुधवार को नगर पालिका के ईओ संजय कुमार व कोतवाली प्रभारी शिवगोपाल वर्मा के साथ शहर की दुकानों पर छापामार अभियान चला। पालिका कर्मचारियों ने पॉलिथीन का प्रयोग करने वाली हाथ ठेली व दुकानों पर छापेमारी करते हुए पॉलिथीन जब्त की। इस दौरान फल विक्रेता राजेश से एक हजार रुपये, बालाजी ट्रेडर्स से दो हजार रुपये समेत पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला। भविष्य में पॉलिथीन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। पालिका का यह अभियान गोपालगंज, राठ रोड, सब्जी मंडी आदि स्थानों पर चलाया गया। टीम के साथ चल रहे कोतवाल ने दुकानदारों को नाली के ऊपर या नाली के आगे सामान रखने पर चेतावनी दी। अभियान के दौरान कई बार दुकानदारों से टीम की झड़प भी हुई। पुलिस बल की सख्ती के कारण दुकानदार शांत हो गए। छोटे दुकानदारों ने आरोप लगाया कि अभियान के दौरान भेदभाव किया जाता है।