हत्या व लाइसेंसी बंदूक की चोरी के आरोप में वर्ष 2007 से वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी को पुलिस ने तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में खुलासा किया। इनाम की राशि गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को दी जाएगी।
पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि 13 जून 2007 को सीताशरण पुत्र गोविंद नारायण गुप्ता निवासी ईटों थाना गोहन ने तहरीर दी थी। इस पर कल्लू उर्फ नारायण दत्त, भूरे उर्फ प्रेमदत्त पुत्र राम औतार निवासी जमालपुर खेरा थाना कुठौंद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। तब से पुलिस इनकी तलाश में थी। कल्लू उर्फ नारायण दत्त पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह फरार चल रहा था। 2 जनवरी को गोहन थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा स्वाट टीम प्रभारी व सर्विलांस प्रभारी के साथ गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गोहन थाना के नावर जाने वाले तिराहे के पास सुबह 6:30 बजे कल्लू उर्फ नारायण दत्त पुत्र रामऔतार निवासी जमालपुर खेड़ा थाना कुठौंद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी पर जनपद के रेढन व गोहन थाने में पांच मामले और दर्ज हैं। 11 वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी वांछित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में गोहन थाना प्रभारी मनोज कुमार, स्वाट टीम प्रभारी ब्रजनेश यादव, सर्विलांस प्रभारी महेश दुबे, उपनिरीक्षक गंगा सागर, गौरव वाजपेई सर्विलांस, शोएब आलम सर्विलांस, रवि भदौरिया स्वाट टीम, शैलेंद्र चौहान स्वाट टीम, राजीव सिंह आदि रहे। एसपी ने पुलिस टीम को वांछित पर लगी इनाम की धनराशि देने की घोषणा की। एसपी ने बताया की अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।