पालिका की बैठक में मौजूद विधायक गौरी शंकर वर्मा व पालिकाध्यक्ष
- फोटो : ORAI
उरई। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में राजस्व निरीक्षक के खिलाफ सभासदों को एकजुट देखकर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, ईओ संजय कुमार ने उन्हेें हटाने की घोषणा कर दी। इस दौरान धीमी गति से होने वाले निर्माण कार्य को लेकर ईओ भी सभासदों के निशाने पर रहे। इस दौरान स्वकर व्यवस्था लागू नहीं करने पर भी सहमति बनी।
शनिवार को पालिका सभागार में हो हुई पालिका बोर्ड बैठक में सबसे पहले राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार के मुद्दे को सभासदों ने उठाया और कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। सभासदों की एकजुटता को देखते हुए राकेश से राजस्व निरीक्षक का काम छीन लिया गया है। इस दौरान सभासदों ने कहा कि पालिका के ऊपर निर्माण का काम दो साल से अधिक समय से लंबित है।
यही नहीं जायसवाल टावर के पास चौराहे पर बिजली के पोल व डिवाइडर बनाने के काम भी नहीं हुआ है। सभासद सुखदेव पाल ने कहा कि जनसूचना के मामलों का भी जवाब नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान सर्वसम्मति से फागिंग के लिए मशीन खरीदने पर भी सहमति बनी। बोर्ड बैठक में जयशंकर द्विवेदी, अमित लालू, मोतीलाल, अनिल तिवारी, मंती देवी, हरनारायण, मानसिंह, मुकेश, महेश सिंह, भगवती, शादाब आदि सभासद मौजूद रहे।