उरई। झांसी मंडल के डीआरएम संदीप माथुर ने वेबिनार के माध्यम से पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उसरगांव से भीमसेन सेक्शन में काम करने वाली डी 21 चाइना की डी-21 कंपनी एवं हैदराबाद की श्री श्रीनिवासन कंस्ट्रक्शन कंपनी को काम में ढिलाई पर पहले भी नोटिस जारी किया जा चुका है। जल्द ही दूसरा नोटिस जारी कर समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उसरगांव से भीमसेन तक 69 किलोमीटर के सेक्शन को दिसंबर 2021 तक पूरा होना है। यदि दूसरे नोटिस के बाद भी कंपनी ने समय से काम न पूरा किया तो टेंडर निरस्त भी किया जा सकता है। बताया कि झांसी कानपुर रेलवे सेक्शन से पिरौना से कालपी व एट कोंच सेक्शन के अंडरपास को पानी भराई की समस्या के निदान के लिए शेड का निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए पंपिंग सेट लगाकर कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है। रिनियां रेलवे क्रासिंग नंबर 179 की क्षतिग्रस्त सड़क और बूम गिरने की समस्या पर कहा कि मरम्मत का काम काम भी तेजी से किया जाएगा। बताया कि उरई यार्ड का काम अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। इसे जनवरी 2021 तक हर हाल में पूरा किया जाएगा। फिर सीआरएस से स्वीकृति के बाद ट्रेनों का संचालन भी हो सकता है। इंटरसिटी ट्रेन के सवाल पर बताया कि यह रेलवे बोर्ड का मामला है। फिलहाल उद्यमियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने कई कदम उठाए हैं।