जालौन। एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला गुरुवार को तहसील क्षेत्र के गिधौसा गांव पहुंचे। उन्होंने पहले गांव में विकास कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना में चयनित मकानों का देखा। इसमें कई मकानों का निर्माण चलता मिला। एसडीएम ने मकानों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बाद में चौपाल में ग्राम पंचायत सचिव के न पहुंचने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। एसडीएम ने बताया कि सचिव के चौपाल में न पहुंचने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
एसडीएम आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। वहां 82 बच्चे पंजीकृत मिले। इनमें तीन बच्चे मानवी (3), अवनी (4), दीपांजलि (2) अति कुपोषित श्रेणी के मिले। एसडीएम ने सभी अति कुपोषित बच्चों का इलाज कराने एवं पोषक आहार देने के निर्देश आंगनबाड़ी कार्यकत्री को दिए। एसडीएम ने गांव के प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना। इसमें लोगों ने बताया कि गांव में मरघट पर जाने के लिए रास्ता नहीं है। इससे मृतकों को अंत्येष्टि के लिए ले जाने में परेशानी होती है। एसडीएम ने प्रधान को मरघट का रास्ता बनवाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि गांव में दो तालाब हैं। इनमें गाटा संख्या 60 में स्थित तालाब पर कुछ दबंगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इस पर एसडीएम ने लेखपाल को तालाब की पैमाइश कराकर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। तालाब में जलकुंभी की समस्या भी सामने आई। उन्होंने प्रधान को तालाब की सफाई कराने के लिए कहा।
एसडीएम ने कुम्हार जगह की भूमि के पट्टे करने के निर्देश प्रधान को दिए। गांव में रास्ते को लेकर विवाद का मामला सामने आने पर उन्होंने लेखपाल व प्रधान को पैमाइश कराकर रास्ते को खाली कराने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधान महेंद्र,अशोक, दीपक, राजेश, विनोद, अतुल, कपिल, राधा, ममता समेत तमाम लोग मौजूद रहे।