नारेबाजी कर विरोध जताते दुकानदार
- फोटो : अमर उजाला
नवीन सब्जी मंडी स्थित सी टाइप की आठ दुकानों के बरामदे की दीवार ढहने से शनिवार को दुकानदार दुकानें खोलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सड़क पर बैठकर ही दुकानें चलाईं। एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। कहा कि घायलों को मुआवजा मिलेगा। बताया कि निर्माण की गुणवत्ता संदिग्ध है। इसमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इसकी भी जांच होगी। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने निर्माण में धांधली के खिलाफ नारेबाजी भी की।
रविवार की देर शाम अचानक बरामदे की दीवार गिर गई थी। इसमें दबकर दो मजदूर भी घायल हो गए थे। मंडी सचिव डीके वर्मा के साथ निरीक्षण करते हुए एसडीएम ने कहा कि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की टीएसी जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि दुकानों में बड़ी-बड़ी दरारें हैं। उन्होंने मंडी सचिव से रिपोर्ट मांगी कि इन दुकानों का निर्माण कब और किस संस्था ने कराया था। वे निरीक्षण रिपोर्ट डीएम को भेजकर उच्चस्तरीय जांच की संस्तुति करेंगे।