प्राइवेट बस ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया। पत्नी की मौत हो गई। पति की हालत गंभीर है। हादसे के बाद जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक चालक फरार हो गया। हादसे की सूचना पाकर परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों ने तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी केे अनुसार मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गांव सुरगाना निवासी कल्यान सिंह पत्नी कांती देवी को लेकर ससुराल माधौगढ़ थाना क्षेत्र के मिझौना गांव आ रहे थे। गोपालपुरा गांव के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों उछल कर सड़क पर जा गिरे। इससे कल्यान और कांती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्नी के सिर में गहरी चोटें आईं।
हादसा होता देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। भीड़ का फायदा उठाकर चालक बस छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया।
पति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना महिला केे परिजनों को दी और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिलने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बस को भी थाने में खड़ा कराकर चालक का पता लगाया जा रहा है।
रुक गईं तैयारियां
मायके वालों ने बताया कि 21 मई को कांती के भाई जीतू को शादी है। कांती पति कल्यान सिंह के साथ भाई की शादी में शिरकत करने के लिए मायके आ रही थी। रास्ते में गोपालपुरा गांव के पास हादसा हो गया। महिला के ससुराल वालों को हादसे की सूचना मिली तो वहां पर भी कोहराम मच गया। इधर मायके में शादी को लेकर की जा रहीं तैयारियां भी रुक गईं।