कोंच। कस्बे में अधिकांश क्षेत्रों में बिजली की बंच लाइनें पड़ चुकी हैं। पर अभी भी मुख्य मार्ग समेत तमाम इलाके ऐसे हैं जहां बिजली के जर्जर तार खपच्चियों के सहारे झूल रहे हैं। जो आपूर्ति में बाधा बने हुए हैं। कस्बे की इस समस्या से विभागीय अधिकारियों से लेकर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी वाकिफ हैं पर उदासीन बने हैं।
कस्बे में कई वर्ष पहले डाली गई विद्युत लाइनें वर्तमान में जर्जर स्थिति में हैं। हर समय कहीं न कहीं तार टूटकर गिरते ही रहते हैं। लोकल फॉल्ट तो आम बात है। जिसके चलते एक दिन में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। तेज आंधी चलने पर कई घंटों के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। जिसके चलते पेयजल आपूर्ति से लेकर लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। स्टेट बैंक से लेकर चंदकुआं के समीप स्थित विद्युत पावर हाउस के बीच बिजली के तार झूल रहे हैं। तारों को टूटकर नीचे जमीन पर गिरने से बचाने के लिए सैकड़ों खपच्चियां बांधकर तारों को सहारा दिया गया है। आशीष, रामफल, विनोद, हरेंद्र, आदि ने अधिकारियों से इस समस्या के निदान की मांग की है।
----
फोटो-8-एसडीएम अशोक कुमार को ज्ञापन देते आचार्य सागर बोहरे। संवाद
घटना को आमंत्रण दे रही हैं
कोंच। कोंच के बाहरी इलाके उरई रोड पर नई बस्ती में बिजली की लाइनें बांस बल्लियों पर टिकी होने के कारण लोगों को हादसे की आशंका है। इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार लोग आवाज उठा चुके हैं। पर समस्या जस की तस है। गुरुवार को आचार्य सागर बोहरे शास्त्री की अगुवाई में रमेशचंद्र गोस्वामी, मोरध्वज, अभय आदि ने एसडीएम अशोक कुमार को ज्ञापन देकर बताया कि इलाके में करीब 18 विद्युत संयोजन हैं लेकिन वहां बिजली का एक भी पोल नहीं है। इस कारण लोगों को बांस बल्लियों के सहारे बिजली लाइनें घरों तक ले जानी पड़ी हैं। एसडीएम ने विद्युत विभाग के एसडीओ को नियमानुसार कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। (संवाद)
----------
नई लाइन के चलते बिजली आपूर्ति आज बाधित
जालौन। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बाधिक रहेगी। शुक्रवार को दिन में 7 घंटे बिजली आपूर्ति नहीं रहेगी। विद्युत उपखंड अधिकारी कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम मींगनी के पास 132 केवी का नया सब स्टेशन बनाया गया है। नए सब स्टेशन के लिए लाइन बन रही है। नई लाइन बनने के कारण शुक्रवार को सुबह 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। एसडीओ ने लोगों से अपने आवश्यक कार्य इसी के अनुरूप निर्धारित करने की सलाह दी है। (संवाद)