हादसे का शिकार हुई स्कार्पियों व क्षतिग्रस्त बाइक
- फोटो : amar ujala
माधौगढ़ कस्बे में एक तेज रफ्तार असंतुलित स्कार्पियों खड़ी बाइक में टक्कर मारते हुए ईंट के चट्टे जा घुसी। हादसे में स्कार्पियों सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने आनन फानन में स्कार्पियों सवार सभी घायलों को बाहर निकालकर उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां एक की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कस्बा माधौगढ़ के चितौरा स्टैंड के पास रविवार की शाम एक स्कार्पियों कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मारते हुए सामने रखे ईंट के चट्टे से टकरा गई। हादसा होता देख आस पास अफरा तफरी मच गई। स्कार्पियों की टक्कर से बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहां मौजूद लोग दौड़ कर स्कार्पियों के पास पहुंचे।
उन्होंने कार में बैठे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में ग्राम माढ़ेन थाना गोरमी जिला मुरैना निवासी राजीव भदौरिया (45) निवासी, मुरार ग्वालियर निवासी संदीप (25), झांसी निवासी रोहन (15) और ग्वालियर निवासी अमित (16) व अमन (17) घायल हो गए।
लोगों ने सभी घायलों को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पर राजीव भदौरिया की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया व बाकी घायलों को भर्ती कर लिया गया।