मुहम्मदाबाद। मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस पहुंची तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस का कहना है कि मामूली मारपीट का मामला है। हवाई फायरिंग की बात गलत है।
गुरुवार की देर रात स्कार्पियो सवार सिमरिया गांव जा रहे थे तभी मुहम्मदाबाद के पास रास्ते में ट्रक खड़ा था। जिस कारण गाड़ी को साइड नहीं मिल रही थी। नजदीक ही मुहम्मदाबाद निवासी धर्मपाल अपने खेत पर जाने के लिए निकला तो स्कार्पियो सवार लोगों ने उससे अभद्रता शुरू कर दी। जिससे दोनों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गई। जानकारी मिलने पर धर्मपाल के समर्थन में आसपास के किसान एकत्र होने लगे। भीड़ देख स्कार्पियो सवार लोगों में एक ने अपनी रायफल से हवाई फायर किया और मौके से गाड़ी समेत सभी भाग निकले। फायरिंग की सूचना पाकर ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्र हो गई। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई। ग्रामीणों के मुताबिक हमलावर किसी खदान से संबंधित लग रहे थे। इंस्पेक्टर आरके सिंह का कहना है कि फायरिंग नहीं सिर्फ मारपीट हुई है, तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।