सिरसाकलार। बीयर की दुकान का सेल्समेन नगदी व माल लेकर भाग गया। दुकान मालिक ने सेल्समैन के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी है।
सिरसाकलार कस्बे में स्थित पानी की टंकी के पास ठेकेदार युवराज अग्रवाल की बीयर की दुकान संचालित हैं, उन्होंने कस्बा निवासी शिवपाल सिंह को दुकान पर सेल्समैन रखा था। ठेकेदार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 24 नवंबर तक की बिक्री के 1.40 हजार रुपये शिवपाल के पास थे। उसके पास 5800 बीयर की केने, 51 हजार रुपये की बीयर की बोतलें भी दुकान पर थी। जब वह दुकान पर पहुंचा तो सिर्फ खाली गत्ते ही पड़े मिले। ठेकेदार ने पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि जब वह शिवपाल के घर पहुंचा और उसके बारे में जानकारी की तो उसके पिता अंगद सिंह ने बताया कि वह लापता है। जब सामने आएगा तब पूरे मामले का पता चलेगा। इसके पहले भी वह एक बार लेनदेन के मामले में फंस गया था। थाना प्रभारी ब्रजेश बहादुर सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।
गोवंश खेत में घुसने पर चले लाठी-डंडे, दो घायल
सिरसाकलार। खेत में गोवंश घुसने को लेकर दो किसानों में विवाद हो गया। इसमें चले लाठी-डंडे से दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा है।
थाना क्षेत्र के दमरास निवासी सोबरन सिंह (40) बुधवार की सुबह अपने खेत पर काम करने गया था। तभी खेत में घुसे दो गोवंशों को उसने खदेड़ दिया। इस पर पास ही स्थित बड़े के खेत में गोवंश घुस गए। इस पर दोनों में विवाद होने लगा। इसके बाद दोनों में लाठी-डंडे चलने लगे। इससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा है। (संवाद)