उरई। जिले में गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के लिए डीएम राजेश कुमार पांडेय ने जालौन एवं कोंच स्थित विभिन्न गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पीसीएफ जालौन के कृषक सेवा केंद्र जालौन पर राजेंद्र कुमार, बी-पैक्स सिहारी के गजेंद्र सिंह, बी-पैक्स जगनेवा के रविशंकर, बी-पैक्स गढ़गुवा के बलराम व बी-पैक्स खर्रा के विनय कुमार पांचाल केंद्र प्रभारी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने अनुपस्थिति केंद्र प्रभारियों के एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश के साथ स्पष्टीकरण मांगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी केंद्र प्रभारी नियमित रूप से अपने-अपने क्रय केंद्रों पर उपस्थित रहकर गेहूं खरीद की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करें।
वहीं केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के केंद्र प्रभारी अनूप गुर्जर के अनुपस्थित पाए जाने पर जानकारी दी गई कि वे ई-पॉस मशीन ठीक कराने गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि कोई केंद्र प्रभारी किसी आवश्यक कार्य से केंद्र से बाहर जाता है तो उसका स्पष्ट उल्लेख भ्रमण पंजिका में किया जाना अनिवार्य होगा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पीसीएफ द्वारा संचालित कोंच एवं जालौन के कई क्रय केंद्रों पर गेहूं का नियमित उठान नहीं हो रहा है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, सभी क्रय केंद्रों पर बारदाना समय से उपलब्ध कराया जाए। गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।