कालपी (जालौन)। कोरोना बीमारी से पीड़ित होने की झूठी खबर देने पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। आननफानन में एसडीएम व सीओ गांव पहुंच गए और जानकारी करने पर पता चला कि युवक ने फर्जी सूचना दी है। इस पर एसडीएम ने गलत सूचना देने वाले पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुढ़ाखास निवासी आशीष उर्फ भगवानदीन पुत्र दयाशंकर ने सुबह 10 बजे एसडीएम को फोन कर बताया कि वह कोरोना वायरस से पीड़ित है, उसका तत्काल इलाज कराया जाए। इस सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर एसडीएम तुरंत डाक्टरों की टीम के साथ गुढ़ाखास पहुंचे। गुढ़ाखास पहुंचने पर उपजिलाधिकारी कौशल कुमार और क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय जब युवक के घर पहुंचे तो पता चला कि पुलिस आने से पहले ही वह भाग गया और पूछताछ की तो पता चला कि युवक ने झूठी खबर फैलाई थी उसे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उसकी छानबीन शुरू की। एसडीएम कौशल कुमार ने बताया कि गलत सूचना देने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।