उरई। परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जन सहभागिता बढ़ाने के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता होगी। इसके साथ ही शुभंकर की बेतरीन डिजाइन भेजने वाले को पुरस्कृत किया जाएगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय में तैनात प्राविधिक निरीक्षक (आरआई) संजीत सिंह ने बताया कि शासन की ओर से 21 जनवरी से 20 फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसका मकसद लोगों को जागरूक करना है। इसमें जन सहभागिता बढ़ाने के लिए विभाग ने सड़क सुरक्षा की मैस्कट (शुभंकर) डिजाइन के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया है। इस प्रतियोगिता में उच्च तकनीकी, प्राविधिक, मेडिकल कालेज, विधि संस्थानों के छात्र-छात्रा प्रतिभाग कर सकेंगे। मैस्कट (शुभंकर) डिजाइन विभागीय वेबसाइट पर भेजनी होगी। इसके लिए 29 जनवरी से 14 फरवरी तक डिजाइन भेजी जा सकती है। सबसे अच्छी डिजाइन बनाने वाले प्रतिभागी को 20 हजार रुपये के नगद पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। हालांकि इसमें शर्त यह है कि एक प्रतिभागी की एक ही डिजाइन स्वीकार की जाएगी।