मुहम्मदाबाद। जालौन और हमीरपुर को जोड़ने वाला बेतवा नदी पर बना पुल लंबे समय से जर्जर हालत में है। पुल की सतह उखड़ चुकी है, जगह-जगह सरिया और एंगल बाहर निकल आए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ओवरलोड वाहनों के गुजरने से पुल कांपने लगता था और कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती थी। पुल की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने कई बार मरम्मत की मांग की थी। अब शासन ने पुल की मरम्मत के लिए 1 करोड़ 54 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बेतवा पुल का निर्माण वर्ष 1973 में शुरू हुआ था और 1983 में बनकर तैयार हुआ था। इसका उद्घाटन तत्कालीन कांग्रेस सरकार के मंत्री राजा रणजीत सिंह जूदेव ने किया था। यह पुल जालौन जिले के अंतिम गांव मुहाना को हमीरपुर जिले के चिकासी गांव से जोड़ता है लेकिन देखरेख के अभाव में इस पुल तक पहुंचने वाली दोनों ओर की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। 15 मिनट का सफर एक घंटे में तय करना पड़ता है। शासन ने इसकी मरम्मत कार्य को मंजूरी दी है। इससे लोगों में खुशी है। उनका कहना है कि पुल के भीतर सरिया बाहर निकल आने और डामर उखड़ जाने से वाहन निकालना जोखिम भरा हो गया था। कई बार वाहन चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं लेकिन अब उन्हें इन सभी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।