ईवीएम मशीन के बारे में जानकारी देते पीडी चित्रसेन।
- फोटो : अमर उजाला
उरई (जालौन)। मतगणना कार्मिक के रूप में लगाए गए कर्मी पूरी निष्ठा एवं निष्पक्षता से मतगणना करके प्रत्येक चक्र की रिपोर्ट तैयार कर रिटर्निंग आफीसर को देंगे। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। ये बातें मंगलवार को विकास भवन सभागार में विधानसभा निर्वाचन की गणना में लगाए गए कार्मिकों के प्रशिक्षण के बाद डीएम संदीप कौर ने कहीं। उन्होंने इस दौरान ईवीएम के बारे में जानकारियां दीं।
डीएम ने कहा कि सबसे पहले आरओ टेबिल पर पोस्टर मतपत्रों की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम में पडे़ वोटों की गणना की जाएगी। प्रत्येक चक्र की रिपोर्ट निर्धारित प्रपत्र पर भरकर गणना पर्यवेक्षक को एजेंट के हस्ताक्षर कराकर आरओ को देनी होगी। जितने मत टोटल ईवीएम में पडे़ होंगे, उसी के अनुसार प्रत्येक प्रत्याशी को मिले वोटों की गिनती उसी टोटल से मिले, यह जरूर देखना है। माइक्रो आब्जर्वर, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ईवीएम स्ट्रांग रूम से बाहर लाने संबंधित टेबिल तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तगडे़ बंदोबस्त रहेंगे। मतगणना 8 बजे से नवीन गल्ला मंडी में होगी। जबकि कार्मिक छह बजे से मतगणना स्थल पर पहुंचेंगे। प्रशिक्षण में सीडीओ एसपी सिंह, एडीएम आरके सिंह, एसडीएम, परियोजना निदेशक मौजूद रहे।