पिछले दिनों जालौन कस्बे के सर्राफा कारोबारी के साथ हुई पांच लाख की लूट के मामले में कोतवाली पुलिस मामले के खुलासे के काफी करीब पहुंच गई है। हालांकि अभी पुलिस इस मामले में अपने पत्ते नहीं खोल रही है लेकिन समझा जा रहा है कि लूट का माल मिलते ही पुलिस वारदात का खुलासा कर देगी।
गौरतलब है कि दो जुलाई की देर शाम जालौन निवासी सर्राफा कारोबारी श्यामजी सोनी तथा कारीगर पिंटू सोनी के साथ बाइक पर सोने के आभूषण बाजार में बेचने निकले थे। दूरदराज के कई क्षेत्रों से काम निपटाने के बाद शाम लगभग साढे़ सात बजे कोंच से जालौन की ओर चलें। कोंच से उनकी बाइक लगभग तेरह किमी दूर भेंड़ गांव के आगे निकली ही थी कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट करते हुये कट्टे से फायर झोंककर बैग छीन लिया।
व्यवसायियों ने कोंच कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी और पुलिस इस मामले को सुलझाने में लग गई। इसमें फौरी तौर पर उसने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस को कुछ क्लू मिले, जिनके आधार पर यह समझा जा रहा है कि पुलिस किसी ठोस नतीजे पर पहुंची है। हालांकि जाहिर तौर पर कोतवाली पुलिस कुछ भी बताने से खासा परहेज कर रही है जिसके पीछे माना जा रहा है कि अभी कुछ लोगों की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी होना शेष है। इस घटना में करीब आधा दर्जन लोगों के शामिल होने की संभावना है।