उरई। कस्बा जालौन में रोडवेज बस स्टैंड की मांग कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। शासन ने न सिर्फ जिले से भेजे गए रोडवेज बस स्टैंड के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है बल्कि गुरुवार को मुख्यमंत्री ऑनलाइन के माध्यम से रोडवेज बस स्टैंड का भूमि पूजन करेंगे। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड करीब दो करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र का विकास होगा।
बता दें कि कस्बा जालौन को जालौन जिले का दर्जा तो प्राप्त है पर मुख्यालय उरई में होने से यहां मूलभूत सुविधाओं का टोटा है। स्थिति यह है कि कस्बे में एक भी रोडवेज बस स्टैंड न होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं रोडवेज बस चालक भी सड़क के किनारे कही से भी सवारियां भरते नजर आते थे, जिससे जहां कस्बे में जाम की स्थिति बनी रहती तो वहीं यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को लेकर कई बार बाशिंदे ने सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा को ज्ञापन दिया। जिसके बाद शासन में पैरवी की गई, वहीं पूर्व परिवहन मंत्री व वर्तमान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भी यहां के लोगों से बस स्टैंड देने का वादा किया था।
जिससे अब मंजूरी मिल गई है। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने बताया कि नगर के चुर्खी रोड स्थित गंगा धाम के आगे करीब तीन एकड़ में दो करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से रोडवेज बस स्टैंड बनाया जाएगा, जिसका गुरुवार को मुख्यमंत्री वर्चुअल तरीके से भूमि पूजन करेंगे। वहीं जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बनाजी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस दौरान सांसद भानुप्रताप वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता, उत्तर प्रदेश रोडवेज झांसी मंडल के आरएम कपिल शर्मा, सर्विस टेक्निकल अधिकारी तुलाराम वर्मा, एआरएम केसरी नंदन चैधरी उपस्थित रहेंगे।