शहर के राठ रोड पर बने ओवरब्रिज का सर्विस रोड ध्वस्त हो गया है। जगह-जगह गहरे गड्ढे व रोड़े से राहगीर आए दिन चुटहिल होते रहते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी यहां के कारोबारियों को हो रही है। खस्ताहाल सड़क व दिन भर धूल के गुबार उड़ने से लोग इधर से निकलने में कतराते हैं।
इससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों की माने तो इस संबंध में सेतु निगम के बड़े अधिकारियों को कई मर्तबा अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक नतीजा सिफर ही रहा है। राठ रोड रेलवे क्रासिंग पर बनाए गए ओवरब्रिज ने इलाके के व्यापारियों का धंधा चौपट कर दिया है।
निर्माण के दौरान दो वर्ष तक स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने खासी परेशानी झेली, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें समस्या से राहत नहीं मिली। सर्विस लेन ज्यों की त्यों खराब पड़ी है। ध्वस्त सर्विस रोड से उठते धूल के गुबार व्यापारियों के लिए ही नहीं यहां से गुजरने वाले राहगीरों के लिए भी मुसीबत बने हुए है।
गहरे हो चुके गड्ढों में तो हर रोज कोई न कोई गिर कर चुटहिल हो रहा है। व्यापारियों में इस बात से खासी नाराजगी है कि सेतु निगम व जिला प्रशासन उनकी समस्या की ओर से आंखें मूंदे है। कई मर्तबा शिकायत करने के बाद भी आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
व्यापारियों का कहना है कि राठ रोड रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनने के बाद क्रासिंग को बंद कर दिया गया। इससे कुइया रोड से जो ग्राहक आते थे, उनका आना बंद हो गया। इसकी वजह से दुकानदारी प्रभावित हो रही है। यहां बरसात में जलभराव भी हो जाता है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।