उरई कोतवाली में खुलासा करते अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश सिंह
- फोटो : ORAI
उरई। लूट के मामले में वांछित चल रहे 15 हजार के इनामी बदमाश को शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक बिना नंबर की बाइक भी बरामद हुई है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 13 मामले पहले से ही दर्ज हैं।
शहर कोतवाली में शुक्रवार को एएसपी डा.अवधेश सिंह ने बताया कि 16 नवंबर 2019 को जालौन कोतवाली क्षेत्र में प्रदीप कुमार पुत्र बाला प्रसाद दोहरे के साथ जा रही महिला को बाइक सवार बदमाशों ने लूटा था। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। लूट में मुन्ना नट निवाड़ी धंतोली कोतवाली जालौन भी शामिल था। जिस पर घटना के बाद पुलिस ने 15 हजार का इनाम भी रखा था। रविवार रात शहर कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी बाईपास चौराहे से मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उसके पास से 315 बोर तमंचा दो कारतूस बरामद हुए। मुन्ना पर तेरह मामले पहले से दर्ज हैं शहर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार मुन्ना नट पर रामपुरा में लूट, कोंच में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर समेत नौ मामले दर्ज हैं। वहीं जालौन कोतवाली में आर्म्स एक्ट सहित तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की बाइक बरामद की है। शातिर इनामी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल शिव गोपाल वर्मा, उपनिरीक्षक योगेश पाठक, प्रवीण कुमार यादव, सिपाही रवि व बृजेंद्र भदौरिया आदि रहे।