उरई। जिले में डेंगू का संक्रमण लगातार चिंता बढ़ा रहा है। दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास झांसी रोड निवासी रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी शत्रुघ्न सिंह (63) की डेंगू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी जानकारी मिलने पर मलेरिया विभाग की टीम ने उनके आवास और स्कूल परिसर में पहुंचकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए अभियान चलाया। फिलहाल उनका कानपुर में उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार उनकी हालत में सुधार है।
जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रशेखर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने परिसर में जमा पानी और नालियों की जांच की। ठहरे हुए पानी में लार्वीसाइड दवा का छिड़काव कराया गया। इसके अलावा जलभराव वाले स्थानों को खाली कराने के साथ सोर्स रिडक्शन की कार्रवाई की गई। मच्छरों से बचाव के लिए इनडोर फॉगिंग भी कराई गई। टीम ने आसपास के लोगों और स्कूल प्रबंधन को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्र में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करना जरूरी है। घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमलों, टायरों और अन्य बर्तनों में पानी एकत्र न होने दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें। कार्रवाई में फाइलेरिया निरीक्षक मैत्रेय प्रभाकर, मलेरिया निरीक्षक सिद्धार्थ कुशवाहा, फील्ड वर्कर राजकुमार ने सहयोग किया। जिले में अब तक डेंगू के 21 मामले सामने आ चुके हैं।