उरई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर की दयानंद शाखा में गोष्ठी हुई। संघ के सह प्रांत प्रचारक मुनीश ने कहा कि जिम्मेदार नागरिक ही देश की आंतरिक शक्ति का आधार हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने जहां हमें अधिकार दिए हैं, वहीं मौलिक कर्तव्यों का भी आग्रह किया है। राष्ट्रभक्ति केवल बड़े अवसरों पर नहीं, बल्कि दैनिक आचरण में झलकनी चाहिए। पानी-बिजली की बचत, ईंधन का संयमित उपयोग, हेलमेट का नियमित उपयोग, अनुशासन, ईमानदारी और शिष्टाचार भी राष्ट्रसेवा हैं।
उन्होंने बताया कि संघ का मानना है कि अच्छे और जिम्मेदार नागरिक ही किसी भी देश की आंतरिक शक्ति और स्थायी विकास का आधार होते हैं। इसके बाद स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए पथ संचलन किया। पथ संचलन का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में अजय इटौरिया, सूर्यकुमार दीक्षित, जिला प्रचारक शिवम जी, नगर प्रचारक कार्तिक, दिनेश चतुर्वेदी, राघवेंद्र सिंह परिहार, आशीष, सुविधा इटौंरिया, रेखा वर्मा आदि रहे।