उरई। लोकसभा चुनाव के पहले से लंबे समय से एक ही जगह पर जमे उपनिरीक्षकों को पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार की देर रात इधर से उधर कर दिया। साथ ही कई उपनिरीक्षकों को लाइन भी भेज दिया है। इससे पहले उन्होंने कई थानों प्रभारियों के भी स्थान बदल दिए थे।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने गुरुवार देर रात उरई कोतवाली के एसएसआई उप निरीक्षक रनधीर सिंह को एसएसआई कोंच कोतवाली, कोंच बस स्टैंड चौकी प्रभारी अनुज पंवार को लाइन हाजिर कर दिया है। जबकि कोंच कोतवाली की खेड़ा चौकी के प्रभारी रिंकू चौधरी को कोंच बस स्टैंड चौकी का प्रभार दिया है। कदौरा में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार को भेंड चौकी की जिम्मेदारी दी है। वहीं कोंच कोतवाली के एसएसआई उदय प्रताप सिंह को उरई कोतवाली का एसएसआई बनाया है।
शहर कोतवाली के मंडी चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। जबकि पुलिस लाइन से राजकुमार निगम को प्रभारी बना दिया है। डकोर की काबिलपुरा चौकी प्रभारी अंकुर भाटी को पीआरओ की जिम्मेदारी मिली है। वहीं वर्तमान पीआरओ संजीव कुमार को जालौन चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। जालौन चौकी प्रभारी दामोदर सिंह को लाइन भेज दिया है।
इसके साथ ही रामपुरा की की जगम्मनपुर चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह को कालपी की टरननगंज चौकी, रेंढर के उप निरीक्षक हरिकृष्ण को जगम्मनपुर चौकी प्रभारी, कुठौंद के उपनिरीक्षक शशांक वाजपेयी को कोंच की खेड़ा चौकी, जितेन्द्र सिंह चंदेल को कालपी कोतवाली की महमूदपूरा चौकी, संतोष कुमार शुक्ला को महमूदपुरा से काबिलपुरा चौकी, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह को माधौगढ़ से व वीरेन्द्र कुमार सिंह, उदय पाल सिंह व नरेश कुमार को नदीगांव थाने से लाइन भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन से शैलेन्द्र कुमार को माधौगढ़ और शिव नारायण, रामौतार व जंडेल सिंह नदीगांव थाने में तैनात किए गए हैं।