केंद्र सरकार की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ कालपी कोतवाली धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। कोतवाल ईश्वर सिंह का कहना है कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रहा है। ठगी करने वालों का सुराग लगाया जा रहा है।
कोतवाल ने बताया कि केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तहत कुछ लोगों ने एक फर्जी एजेंसी बनाकर जिले की 104 बालिकाओं से फार्म भरवाए। ठगों ने बालिकाओं के अभिभावकों को बताया कि इस योजना में उन्हें दो-दो लाख रुपये की सरकारी मदद दी जाएगी। फर्जी एजेंसी संचालकों की बातों में आकर गुलसफा पुत्री मंजूर अहमद निवासी मोहल्ला मिर्जा मंडी कालपी समेत 104 लड़कियों के अभिभावकों ने फार्म भर दिए। ठगों ने फार्म भराने के नाम पर रुपयों की भी वसूली की।
काफी समय तक जब लड़कियों को योजना के नाम पर कोई मदद नहीं मिली तो अभिभावकों ने सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा संबंधित उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की। इस पर पता चला कि इस तरह की न कोई योजना है और न ही इसके लिए किसी संस्था को अधिकृत किया गया है। मंत्रालय ने सूबे के आला पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाल ने बताया कि आईजी जोन तथा डीआईजी के निर्देश पर फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी 420 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही फार्म भरने वाली लड़कियों व उनके अभिभावकों से बयान लिए जाएंगे। ठगी करने वालों की भी धरपकड़ की जाएगी।