कालपी। फर्जी तरीके से भूमि हड़पने के मामले में कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। महिला ने कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन इसके बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई थी।
कोतवाली क्षेत्र के उरकरा कला गांव व हाल निवास दिल्ली की कांता देवी ने कोर्ट में वाद दायर किया था। इसमें बताया था कि उसके पति मोहर सिंह के नाम मौजा उरकरा कला व मौजा नरहान परगना कालपी में भूमि थी। उनकी मौत हो चुकी है। इसके बाद हादसा हो जाने के बाद वह भी गांव नहीं आ सकी। इस पर सुनीता पाल ने अपने को पत्नी मोहर सिंह बनकर फर्जी तरीके से खतौनी में नाम दर्ज करा लिया। सुनीता ने एक माह के अंदर गांव के ही राजेंद्र सिंह को जमीन बेच दी। उसने कोतवाली में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल परमहंस तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।