माधौगढ़। प्रसव के दौरान डयूटी में तैनात डॉक्टर सहित स्टाफ की लापरवाही के चलते जन्म के दौरान बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने सीएचसी स्टाफ के खिलाफ हंगामा काटा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट आने की बात सामने आई थी। कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर कुलदीप राजपूत सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया गया हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुरा निवासी संदेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पुत्र रवि प्रताप सिंह की पत्नी लीना देवी की 30 अप्रैल 2023 को डिलेवरी हुई थी। डयूटी में तैनात डाॅक्टर सहित नर्स की लापरवाही के चलते बच्ची की मौत हो गई थी। परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेडइंजरी आई। परिजनों ने डाक्टर कुलदीप राजपूत, नर्स संगीता सहित पांच स्टाफ के खिलाफ 156 (3) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष रजनेश सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज किया गया हैं।