कालपी। झांसी-कानपुर हाईवे पर गड्ढा भरने का कार्य सोमवार सुबह से शुरू होते ही यातायात व्यवस्था चरमरा गई। निर्माण सामग्री और मशीनें सड़क पर खड़ी होने से मार्ग का एक हिस्सा संकरा हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते रहे, जबकि भारी वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।
शुक्रवार को दोपहर से लेकर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान स्कूल बसें और दैनिक यात्री निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। तेज धूप और उड़ती धूल के बीच लोगों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। राहगीरों का कहना था कि यदि मरम्मत कार्य चरणबद्ध तरीके से या यातायात डायवर्जन के साथ कराया जाता तो जाम की स्थिति से बचा जा सकता था।
कुछ वाहन चालकों ने मौके पर ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि शुरुआती समय में यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई व्यवस्था नजर नहीं आई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
हाईवे प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सड़क को गड्ढामुक्त करने के उद्देश्य से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और यातायात सुचारु कराया गया।