उरई। झांसी-कानपुर रेलमार्ग के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए एक दैनिक समेत तीन नई ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें एक ट्रेन गोरखपुर से मुंबई और एक ट्रेन झांसी से छपरा के बीच संचालित होगी।
भीषण गर्मी में यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में रेलवे ने इस बार सर्वाधिक समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। मंगलवार को झांसी-कानपुर रेलमार्ग से तीन नई समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इसमें एक दैनिक समर स्पेशल भी शामिल है। दैनिक समर स्पेशल ट्रेन गोरखपुर से मुंबई के बीच संचालित होगी।
गोरखपुर मुंबई समर स्पेशल नंबर 05325-26 का संचालन 26 अप्रैल से 12 मई तक किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर से चलकर सुबह 7.18 बजे उरई आएगी। जबकि मुंबई से चलकर उरई 6.28 बजे आएगी। इसी तरह झांसी से छपरा के बीच समर स्पेशल ट्रेन नंबर 01925-26 का संचालन होगा। यह ट्रेन 24 अप्रैल से 27 अप्रैल तक चलेगी।
इसके अलावा गोरखपुर से दादर (मुंबई) के बीच भी एक साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन नंबर 01055-56 का संचालन होगा। इस ट्रेन का संचालन एक फेरे के लिए किया जाएगा। पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि यात्रियों की सहूलियत के लिए ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
इस बार समर स्पेशल ट्रेनों की संख्या
गोरखपुर से मुंबई के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-14
गोरखपुर से पुणे के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-06
ग्वालियर से बरौनी के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-06
भोपाल से प्रतापगढ़ के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-02
गोरखपुर से बलसाड़ के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-02
गोमतीनगर से हुबली के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-02
गोरखपुर से महबूबनगर के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-02
गोरखपुर से नागपुर के बीच अप डाउन ट्रेनों की संख्या-02
नोट-इस मार्ग से नियमित विभिन्न मार्गों पर 42 ट्रेनें संचालित होती है। जबकि इस बार सर्वाधिक 35 समर स्पेशल ट्रेनें इस रूट पर संचालित की जा रही है। इसके बावजूद ट्रेनों में यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही है।
आटा रेलवे क्रासिंग पर लगा जाम
आटा। आटा इटौरा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग बैरियर खराब होने के कारण नही खुल सका। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे ट्रेन निकलने के बाद अचानक बैरियर में खराबी आ गई। इसके बाद आटा हाईवे पर तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्टेशन मास्टर ने तत्काल फोन करके उरई से इंजीनियर को बुलाकर बैरियर सही कराया। उसके बाद धीरे-धीरे जाम को पुलिस ने खुलवाया।
मानव तस्करी रोकने को चलाया अभियान
उरई। आरपीएफ ने मानव तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान 28 अप्रैल तक चलेगा। आरपीएफ जवानों ने झांसी कानपुर रेलमार्ग से गुजरने वाली पैसेंजर ट्रेनों में अभियान चलाया। ट्रेन और प्लेटफार्म पर मौजूद बच्चों से पूछताछ की। इस दौरान सब इंस्पेक्टर देशराज सिंह, डीपी सिंह, कोमल सिंह, गंभीर सिंह, दिलीप, सीमा, जयंती, पिंकी महिला आरक्षी मौजूद रही। (संवाद)
एक ट्रेन निरस्त, कई देरी से आईं
उरई। सुल्तानपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेन नंबर 12144 मंगलवार को निरस्त कर दी गई। इसके अलावा बरौनी से ग्वालियर जाने वाली समर स्पेशल सवा चार घंटा, कोच्चिवैली से गोरखपुर जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, गोरखपुर से मुंबई जो वाली समर स्पेशल भी साढ़े सात घंटे देरी से आई। महबूूबनगर से गोरखपुर जाने वाली समर स्पेशल दो घंटे देरी से आई। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। (संवाद)