स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करती टीम
- फोटो : ORAI
उरई। कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत राज्य स्तरीय तीन सदस्यीय टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ व नदीगांव का एक्सटर्नल एसिसमेंट किया। टीम ने सफाई, कचरा नियंत्रण समेत कई बिंदुओं पर जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार की।
मेडिकल कालेज झांसी के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. अमित मोहन, क्वालिटी एश्योरेंस के स्टेट कंसलटेंट आरएस चौरसिया एवं स्वयंसेवी संस्था के अमित श्रीवास्तव की अगुवाई वाली टीम ने जांच की। उनके साथ क्वालिटी एश्योरेंस के मंडलीय परामर्शदाता डा. राजेश पटेल और जनपदीय परामर्शदाता डा. अरुण कुमार राजपूत भी थे। टीम ने निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार बिंदुवार निरीक्षण किया। जिसमें अस्पताल के रखरखाव, साफ-सफाई, कचरा निस्तारण व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, सहयोगी सेवाएं और स्वच्छता को बढ़ावा देने वाले कार्यों के साथ अस्पताल के चहारदीवारी के बाहर की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखकर निर्धारित अंक दिए।
मंडलीय परामर्शदाता डा. राजेश पटेल ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत अस्पताल का तीन चरणों में एसिसमेंट होता है। पहले आंतरिक, इसके बाद पीयर और इसके बाद एक्सटर्नल एसिसमेंट होता है। राज्य स्तर पर पहला पुरस्कार प्राप्त करने वाले स्वास्थ्य केंद्र को 15 लाख, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले स्वास्थ्य केंद्र को दस लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। तीनों चरणों में 70 फीसदी स्कोर हासिल करने वाले स्वास्थ्य केंद्रों को सांत्वना पुरस्कार के रुप में एक लाख रुपये दिए जाते हैं। टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेंगी। इसके बाद पुरस्कार के लिए निर्णय लिया जाएगा।