बच्चों के साथ क्षीर सागर परिवार।
- फोटो : अमर उजाला
क्षीरसागर परिवार ने जिले के डेढ़ सौ गरीब बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा और संस्कार देने का जो संकल्प लिया है, वह सराहनीय है। यह बात भाजपा के राज्यसभा सांसद व पूर्व मंत्री शिवप्रताप शुक्ला ने कही। वे शनिवार को स्थानीय सेंगर पैराडाइज सभागार में पूर्व ब्लाक प्रमुख सुदामा दीक्षित व जिला पंचायत सदस्य नम्रता तिवारी दीक्षित की ओर से आयोजित अपनत्व कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आए हुए थे।
उन्होंने कहा कि क्षीरसागर परिवार की तरह अन्य लोगों को भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। पूर्व कैबिनेट मंत्री व सपा विधायक मनोज पांडेय ने कहा कि आज सरकारें चाहे जो बात कर,ें लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि लगातार गिर रहा शिक्षा स्तर सभी के लिए चुनौती का विषय बना है। एसपी स्वप्निल ममगाई ने कहा कि अपनत्व संस्था को उनकी जो भी मदद चाहिए होगी वे करेंगे।
कानपुर के उद्योगपति नरेंद्र शर्मा ने इस कार्यक्रम को अनोखा व पवित्र बताया तथा हर तरह के सहयोग का आश्वासन दिया। इसी कड़ी में बच्चों ने भी गीत गाकर अपनी खुशी जताई। पूर्व ब्लाक प्रमुख सुदामा दीक्षित ने कहा कि वे आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों से पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर माधुरी तिवारी, रामकृष्ण शुक्ला, पत्रकार अनिल शर्मा, दीपक अग्निहोत्री, केपी सिंह, अरविंद चैहान, अरविंद गौतम, अनुज मिश्रा, नवाब सिंह यादव भी मौजूद रहे।