उरई रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर गुणवत्ता देखते इंजीनियर
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) लखनऊ की दस सदस्यीय टीम ने कानपुर झांसी रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया। टीम ने ट्रैक की गुणवत्ता परखी। उन्होंने कई जगह स्पेशल मशीन से ट्रैक की जांच भी की। पुखरायां के आसपास ट्रैक में कमी मिलने पर टीम ने ट्रेनों को सतर्कता आदेश देकर गुजारने के निर्देश दिए।
आरडीएसओ के सीनियर रिसर्च इंजीनियर जयराम वर्मा एवं दिलीप कुमार की अगुवाई में दस सदस्यीय टीम ने कानपुर से लेकर झांसी तक आरडीएसओ ट्रैक निरीक्षण यान से रेलवे ट्रैक का 110 किलोमीटर की स्पीड से निरीक्षण किया। टीम ने ट्रैक के एलायमेंट, क्रासिंग प्वाइंट आदि को परखा। उन्होंने देखा कि ट्रैक 110 की स्पीड लायक है या नहीं। कहां-कहां सतर्कता आदेश लगाए गए है।
उन्होंने यह भी देखा कि कोई ट्रेन ओवरलोड तो नहीं निकल रही है। नए ट्रैक मानक के अनुसार है या नहीं, इसकी भी जांच की। उन्होंने बताया कि पुखरायां मलासा सेक्शन में ट्रैक में कुछ समस्या थी, उसे दूर करने निर्देश दिए गए है। जब तक कमी दूर नहीं हो जाती है तब तक ट्रेनों को सतर्कता आदेश देकर गुजारने को कहा गया है। इस दौरान झांसी मंडल के मंडलीय अभियंता लाइन सुधीर कुमार भी मौजूद रहे।