कोंच। उचित दर की दुकानों पर राशन का वितरण ई-पॉस मशीन और इलेक्ट्रॉनिक कांटे से ही होगा। इसके लिए गुरुवार को कोंच और नदीगांव ब्लॉक के कोटेदारों को मशीनों का प्रशिक्षण ट्रेनर द्वारा दिया गया।
वरिष्ठ विपणन निरीक्षक हाट गोदाम मंडी स्थल कोंच में एसडीएम सुशील कुमार सिंह, डीएसओ अनूप तिवारी, आपूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी आदि की मौजूदगी में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। ओएसिस कंपनी के डिवीजन मैनेजर आगरा ताजुद्दीन खान, असिस्टेंट इंजीनियर मोहम्मद आविद ने कोटेदारों को वेइंग मशीन जिसमें ई-पॉस मशीन और इलेक्ट्रॉनिक कांटे शामिल हैं, से काम करने का तरीका बताया और बाकायदा प्रशिक्षण दिया।
इसके बाद ई-पॉस मशीन एवं तौल मशीन कोटेदारों को दिए गए। डीएसओ एवं एसडीएम ने कोटेदारों से कहा कि मार्च से ई-पॉस मशीन और तौल मशीन से ही राशन सामग्री का वितरण करना होगा। इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए वरना कार्रवाई होगी। इस दौरान मथुराप्रसाद, प्रतिभा देवी, रंजीत सिंह, उत्तम सिंह, ऋषि कुमार, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।