कोंच। ग्राम बरोदा कला में शनिवार सुबह सड़क पर बाइक समेत खून से लथपथ मिले रामप्रकाश अहिरवार (58) की मौत हादसे में हुई थी। रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हेड इंजरी सामने आया है। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका को खारिज करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास मोड़ पर सड़क के बीच रामप्रकाश का शव और उनकी बाइक पड़ी मिली थी। सिर के पीछे चोट का निशान और बाइक की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद और कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। रविवार को रिपोर्ट में मौत की वजह हेड इंजरी सामने आई। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रामप्रकाश की मौत हेड इंजरी से हुई है। प्रथमदृष्टया मामला सड़क हादसे का है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है।