फोटो-5-नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते मुख्य अतिथि। स्रोत-संगठन
उरई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का द्विवार्षिक अधिवेशन संरक्षक हरगोविंद दयाल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुआ। रामबिहारी को परिषद का अध्यक्ष दोबारा चुना गया।
रविवार को जिला परिषद के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में मुख्य अतिथि प्रांतीय महामंत्री शिववरन सिंह यादव ने कहा कि संगठन का पहला लक्ष्य पुरानी पेंशन की बहाली है। इसके अलावा कर्मचारियों की पहले से मिल रही सुविधाओं को भी बहाल कराना है। इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। जल्द प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर इस बारे में आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
इसके बाद जिला कार्यकारिणी का चुनाव अधिकारी लखनलाल अहिरवार, रामेश्वर दयाल कुशवाहा, हरीराम ओमरे की देखरेख में चुनाव कराया। इसमें अध्यक्ष पद पर रामबिहारी वर्मा (ग्राम विकास विभाग), वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मुहम्मद मुबारक (पंचायत विभाग), जिला मंत्री प्रियंका सक्सेना (राजस्व विभाग), संप्रेक्षक सुरजीत सिंह (स्वास्थ्य विभाग) ने आवेदन किए। कोई अन्य आवेदन न आने पर चुनाव अधिकारियों ने सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में पहुंचे डीएम राजेश कुमार पांडेय से अध्यक्ष रामबिहारी ने प्रत्येक माह के अंतिम बुधवार को सभी विभागाध्यक्षों के साथ कर्मचारी संगठन के साथ वार्ता कराने का अनुरोध किया। डीएम ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाएगा। इस दौरान विवेक, अमित कुमार, आनंद कुमार, आरसी पस्तोर, जाहर सिंह, अखिलेश, विनोद प्रजापति आदि मौजूद रहे।